CBSE 10th Result Date Update: सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा खत्म होने के बाद अब छात्रों को रिजल्ट का इंतजार रहता है। इस बार बोर्ड की ओर से रिजल्ट को लेकर एक अलग अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट इस बार सामान्य से पहले जारी किया जा सकता है। बता दें कि बोर्ड ने इस साल से 10वीं की परीक्षाएं दो चरणों में कराने का फैसला लिया है, जिसके कारण रिजल्ट की तारीख में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की नजर अब रिजल्ट जारी होने की संभावित तारीख पर बनी हुई है और छात्र लगातार इससे जुड़ी नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।
फरवरी से मार्च तक हुई थीं बोर्ड परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं। देशभर के लाखों छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया है। परीक्षा खत्म होने के बाद अब छात्र अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। हर साल बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के कुछ समय बाद परिणाम जारी करता है, लेकिन इस बार परीक्षा प्रणाली में बदलाव होने के कारण रिजल्ट जल्दी घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं छात्र लगातार आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए हुए हैं।
इस बार अप्रैल में आ सकता है रिजल्ट
आम तौर पर सीबीएसई बोर्ड 10वीं का रिजल्ट मई महीने में जारी करता है। लेकिन इस बार परीक्षा दो चरणों में कराए जाने के कारण परिणाम जल्दी घोषित किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार बोर्ड पहले चरण की परीक्षा का रिजल्ट अप्रैल महीने में जारी कर सकता है। इसके बाद दूसरे चरण की परीक्षाएं मई से शुरू हो जाएंगी। ऐसे में इस बार छात्रों को रिजल्ट के लिए ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अप्रैल में ही उन्हें अपने नतीजे देखने को मिल सकते हैं। इससे छात्रों को दूसरे चरण की तैयारी के लिए भी पर्याप्त समय मिल सकेगा।
इन तरीकों से चेक कर सकेंगे रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र कई माध्यमों से अपने नतीजे देख सकेंगे। सीबीएसई की ओर से छात्रों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए परिणाम देखने की सुविधा दी जाती है।
- आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर
- DigiLocker ऐप और पोर्टल के जरिए
- UMANG ऐप पर
- SMS के माध्यम से भी रिजल्ट देखा जा सकेगा
इन माध्यमों की मदद से छात्र आसानी से अपनी मार्कशीट देख सकेंगे।
वेबसाइट से ऐसे देख सकेंगे नतीजे
सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी आसानी से अपने नतीजे चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होम पेज पर दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा। अगले पेज पर छात्रों को अपना रोल नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा। जानकारी भरने के बाद सबमिट करते ही स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई दे जाएगी, जहां से छात्र अपने नतीजे देख सकते हैं और मार्कशीट डाउनलोड भी कर सकते हैं।
मई में होंगे दूसरे चरण के एग्जाम
पहले चरण का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को एक और मौका दिया जाएगा। जिन छात्र-छात्राओं के नंबर कम आएंगे या जो अपने परिणाम में सुधार करना चाहेंगे, वे अधिकतम तीन विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकेंगे। दूसरा चरण यानी फेज 2 की परीक्षाएं मई महीने में आयोजित की जाएंगी। इसके बाद इन परीक्षाओं का परिणाम जून में जारी किया जाएगा। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे जिन विषयों में दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं, उनकी तैयारी पहले से जारी रखें ताकि अगली बार बेहतर अंक प्राप्त कर सकें।







