UP ECCE Educator News: उत्तर प्रदेश में प्री-प्राइमरी स्तर पर बच्चों की शुरुआती पढ़ाई को मजबूत करने के लिए ECCE Educator के रूप में काम करने का मौका दिया गया है। यह जानकारी बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़ी व्यवस्था के तहत सामने आई है। ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने स्नातक किया है या नर्सरी टीचर ट्रेनिंग जैसी पढ़ाई की है, वे इसमें आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि यह अवसर छोटे बच्चों को पढ़ाने और उनकी शुरुआती शिक्षा से जुड़े काम के लिए दिया गया है। इसके तहत प्री-प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की शुरुआती सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने और स्कूलों में पढ़ाई के माहौल को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। प्रदेश भर में 8000 से अधिक संविदा के आधार पर इन एजुकेटर की तैनाती की जा रही है जिसमें जिला अनुसार विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं।
संविदा के आधार पर होगी तैनाती
इस प्रक्रिया में चयनित उम्मीदवारों की तैनाती संविदा के आधार पर की जाएगी। ECCE Educator के रूप में काम करने वाले लोगों को प्री-प्राइमरी स्कूलों में छोटे बच्चों की शुरुआती पढ़ाई से जुड़े काम दिए जाएंगे। इसमें बच्चों को बेसिक लर्निंग गतिविधियों से जोड़ना, शुरुआती पढ़ाई की आदत विकसित करना और स्कूल में सीखने का माहौल तैयार करना शामिल रहेगा। संविदा पर तैनाती होने की वजह से काम की अवधि और जिम्मेदारियां तय नियमों के अनुसार तय होंगी और उसी आधार पर उम्मीदवारों को स्कूलों में जिम्मेदारी दी जाएगी। फिलहाल जो अधिसूचना जारी हुई है बलिया में 212 एजुकेटर की तैनाती के लिए जारी की गई है इसके लिए ऑनलाइन तरीके से आवेदन मांगे गए हैं।
आवेदन की आखिरी तारीख
जो उम्मीदवार इसमें आवेदन करना चाहते हैं उनके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 21 मार्च 2026 तय की गई है। इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को तय समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बता दें कि अंतिम तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें। समय रहते आवेदन पूरा करने से किसी तकनीकी दिक्कत या देरी की स्थिति से बचा जा सकता है और आवेदन सही तरीके से जमा हो जाता है।
शैक्षिक योग्यता क्या चाहिए
ECCE Educator के रूप में काम करने के लिए उम्मीदवार के पास जरूरी शैक्षिक योग्यता होना जरूरी है। उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक किया हो और कई मामलों में होम साइंस मुख्य विषय होना जरूरी बताया गया है। इसके अलावा नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (NTT) या बच्चों की शुरुआती शिक्षा से जुड़ा CT या DPSE दो वर्ष का डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। स्नातक में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना जरूरी है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार 5 प्रतिशत तक छूट मिल सकती है।
आयु सीमा और अनुभव से जुड़ी शर्त
इस अवसर के लिए उम्मीदवार की आयु कम से कम 21 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिल सकती है। इसमें अनुभव को अनिवार्य नहीं रखा गया है, इसलिए नए उम्मीदवार भी इसमें आवेदन कर सकते हैं। इससे ऐसे युवाओं को भी मौका मिलेगा जो शिक्षा के क्षेत्र में काम शुरू करना चाहते हैं और छोटे बच्चों को पढ़ाने में रुचि रखते हैं।
वेतन और काम करने की जगह
ECCE Educator के रूप में काम करने वाले उम्मीदवारों को मासिक वेतन दिया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार वेतन सीमा 10,001 रुपये से 20,000 रुपये के बीच तय की गई है, जबकि लगभग 10,450 रुपये प्रति माह भुगतान किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में की जाएगी। वहीं इस अवसर में पुरुष, महिला, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और खिलाड़ी वर्ग के उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे तय की गई योग्यता और अन्य शर्तों को पूरा करते हों।
कैसे कर सकते हैं आवेदन
ऐसे उम्मीदवार जो ECCE Educator के तौर पर आवेदन करने की इच्छा रखते हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के सेवायोजन पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। उम्मीदवार पहले पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें और इसके बाद लॉगिन करके संबंधित अवसर को खोजकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारी सही तरीके से भरनी होगी और मांगे गए दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे, ताकि आवेदन सही तरीके से स्वीकार हो सके।







